लाइक्स के नाम ठगी और कई प्रलोभन देकर लोगों को चूना लगाने वाली कंपनियों की फेहरिस्त में एक और नाम जुड़ गया है। यह कंपनी टॉप माय ट्रिप ओपीसी प्रा.लि है जो निवेशकों को साढ़े सात माह में रकम दोगुनी करने का दावा करती थी। एक पीड़ित की तहरीर पर सिहानी गेट पुलिस ने कंपनी केमास्टर माइंड व उसकी पत्नी समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
राजनगर एक्सटेंशन की सांगवान हाइट्स में रहने वाले मनोज बंसल का कहना है कि अक्टूबर 2018 में उनकी मुलाकात फरीदाबाद निवासी मयंक दुडेडा, उसकी पत्नी स्वाति, एमडी कमल सिंह, कंट्री हेड पंकज शर्मा, मार्केटिंग हेड एलएएल चंद्र गौर, एडमिन विकास चौधरी से हुई थी।
मयंक ने अपनी कंपनी का नाम टॉप माय ट्रिप ओपीसी प्रा.लि बताते हुए साढ़े सात माह में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया। निवेश करने के लिए उन्होंने 8 हजार 260 रुपये से लेकर एक लाख 23 हजार 900 रुपये की चार अलग-अलग आईडी के बारे में बताया। आरोप है कि उक्त लोगों ने जीएसटी भरने पर साढ़े सात महीनों में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया था।
मनोज का कहना है कि उन्होंने व उनकेदोस्तों ने करीब 10 लाख रुपये निवेश किए। दो माह तक तो रिटर्न मिला, लेकिन बाद में रकम मिलनी बंद हो गई। तगादा करने पर उक्त लोग पहले तो उन्हें आश्वासन देते रहे, लेकिन वह ऑफिस गए तो उन्हें धमकाकर भगा दिया।
पीड़ित का कहना है कि उक्त लोगों ने कंपनी बनाकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। दो पीड़ित उनकेसपर्क में भी हैं। एक पीड़ित अश्वनी शर्मा से 15 लाख और दूसरे पीड़ित लेखराज से 25 लाख की ठगी की गई है।
फाइव स्टार होटल में की थी वेबसाइट लांच
पीड़ित का कहना है कि नोएडा सेक्टर-32 स्थित लॉजिक्स मॉल में चलने वाली कंपनी की वेबसाइट की लांचिंग भी फाइव स्टार होटल में की गई थी। बॉलीवुड अभिनेता विजय राज को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। पीड़ित का दावा है कि उक्त कंपनी के द्वारा सैकड़ों लोगों से करीब सौ करोड़ रुपये की ठगी की गई है।
सिहानी गेट इंस्पेक्टर उमेश बहादुर सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन खंगाली जा रही है।