स्टेज पर बेहोश हुआ समर्थक
मध्यप्रदेश के बीना से अन्ना के समर्थन में रामलीला मैदान पहुंचे किसान नेता भरत सेन की आंदोलन के दूसरे दिन तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने दिल्ली पहुंचने से पहले से अन्न और जल त्याग दिया था। उन्हें लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने समर्थक की हालत स्थिर बताई है।
महिला किसानों ने तिरंगा साड़ी पहनकर किया समर्थन
उन्नाव, लखनउ और रायबरेली से आर्दश वीरांगना गरीब सेवा परिवार गैर सरकारी संगठन के नेतृत्व में महिला किसान सत्याग्रह में शामिल होने पहुंची हैं। तिरंगे साड़ी में पहुंची महिलाओं ने किसानों के हक की इस लड़ाई में उनका समर्थन की बात कही।
सरकार बर्खास्त कर आंदोलन में शामिल हो सकते हैं केजरीवाल
प्रेसवार्ता में एक सवाल का जवाब देते हुए अन्ना बोले कि अरविंद केजरीवाल उनके साथ होते तो वह भी बदनाम होते। अन्ना ने कहा मुझे उम्मीद है कि पिछले आंदोलन के बाद हुई गतिविधियों के बारे में केजरीवाल माफी नहीं मांगेंगे। लेकिन अगर केजरीवाल अपनी सरकार बर्खास्त करके राजनीति से दूर रहने का शपथ पत्र भरते हैं तो मंच पर उनको आने की अनुमति है।
हार्दिक पटेल के आने की खबर के बारे में अन्ना ने कहा कि हार्दिक पटेल बेशक आएं, लेकिन वह उनसे स्टेज पर नहीं मिलेंगे, आराम कक्ष में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के मंच से हार्दिक का भाषण नहीं होगा। अगर उन्हें इन शर्तों पर सत्याग्रह में आना है तो वह आ सकते हैं।
16 हजार रुपये से रखी आंदोलन की नींव
अन्ना ने कहा कि अब से दो महीने पहले उनके संगठन के खाते में महज 16 हजार रुपये थे, लेकिन फिर भी इतने बड़े सत्याग्रह की तैयारी हो गई। उन्होंने कहा कि अगर मैं पैसे इकट्ठे करता तो करोड़ों होते मेरे खाते में, लेकिन मुझे 2 नंबर के पैसे कबूल नहीं। अन्ना बोले उनके सत्याग्रह को कर्मठ कार्यकर्ताओं का समर्थन हासिल है।
दो दिनों में 2.2 किलो घटा अन्ना का वजन
अनशन के दूसरे दिन जारी हेेल्थ बुलेटिन में डॉ. धनंजय ने बताया कि दो दिन में अन्ना का वजन दो किलो घटकर 72.1 किलो हो गया। रिपोर्ट में ब्लेड प्रेशर में आ रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए उन्हें आराम की सलाह दी गई है।