महेंद्र पार्क इलाके में अंकित सागर की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने लड़की के भाई से पूछताछ कर उसे छोड़ दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने उसे अभी क्लीन चिट नहीं दी है। जरूरत पड़ने पर उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी। अंकित की बहन ने अपने भाई की दूसरे संप्रदाय की एक लड़की से प्रेम प्रसंग की बात कही थी और उसके भाई पर हत्या करने का आरोप लगाया था।
जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि, परिवार वालों के आरोप के बाद पुलिस ने लड़की के परिवार वालों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। इसमें लड़की का भाई भी शामिल है। शुरुआती जांच में पुलिस को उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस लड़की के भाई व परिवार के सदस्यों के फोन कॉल डिटेल की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार के आरोप के साथ-साथ पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि अंकित की भाड़े के हत्यारों की मदद से भी हत्या कराई जा सकती है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मास्क पहन कर आए हत्यारे की पहचान करने में जुटी है।
अंकित की बहन अनीता का कहना है कि उसके भाई से किसी की कोई रंजिश नहीं थी और न ही उसके ज्यादा दोस्त थे। ऐसे में उसकी हत्या के पीछे क्या मकसद हो सकता है, इसका पुलिस ही पता लगा सकती है। पुलिस ने मृतक के फोन कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है।