रघुबीर नगर इलाके में फरवरी में ऑनर किलिंग के शिकार 23 वर्षीय अंकित सक्सेना के परिवार को पांच महीने बाद भी पांच लाख मुआवजे की राशि नहीं मिली है। हत्या के बाद अंकित के घर पहुंचे मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उसके परिवार को पांच लाख का मुआवजा देने व कानूनी मदद में सहयोग का वादा किया था।
इस मामले में दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। पत्र में दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरुल इस्लाम ने लिखा है कि ऑनर किलिंग के शिकार अंकित सक्सेना के पिता यशपाल सक्सेना बुजुर्ग हैं और बेटे की मौत से बेहद परेशान हैं।
उनका कोई सहारा नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री ने मांग की है कि मुआवजे की राशि को पांच लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाए, ताकि बुढ़ापे में अंकित के परिवार को थोड़ी बेहतर मदद मिल सके। उन्होंने पत्र में याद दिलाया है कि मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मुआवजा देने और कानूनी मदद देने के जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए हैं।