फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आनंद विहार स्टेशन होगा हाईटेक: 1.79 करोड़ होंगे खर्च, प्लेटफॉर्म पर लगेंगी आधुनिक प्रणाली, जानें और क्या होगा

Mon, 09 Feb 2026 08:00 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट तकनीक लगाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब 1.79 करोड़ रुपये की लागत आएगी। रेल प्रशासन ने निविदा जारी कर दी है। 

विज्ञापन
आनंद विहार रेलवे स्टेशन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शुमार आनंद विहार रेलवे स्टेशन अब स्मार्ट तकनीक से लैस होने जा रहा है। रेलवे यहां यात्री सूचना, संकेत प्रणाली और दूरसंचार से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करने की परियोजना शुरू की जा रही है। इस पर लगभग 1.79 करोड़ रुपये की लागत आएगी। रेल प्रशासन ने इसकी निविदा भी जारी कर दी है।

विज्ञापन


अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का मकसद यात्रियों को तेज, सटीक और डिजिटल सूचना प्रणाली उपलब्ध कराना है। ताकि स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन बेहतर हो और यात्रियों को अनावश्यक भटकाव से बचाया जा सके। प्रतिदिन लाखों यात्रियों की आवाजाही वाले आनंद विहार स्टेशन पर यह सुविधा खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और पहली बार यात्रा करने वालों के लिए लाभकारी होगी।

नव-निर्मित प्लेटफॉर्म पर लगेंगी आधुनिक प्रणालियां
स्टेशन के नव-निर्मित प्लेटफॉर्म पर एफएनओ (फाइबर नेटवर्क ऑपरेशन), एसएसडी, एनक्लोजर, बीबीडब्ल्यू (ब्रॉड बैंड विंडो) और यात्री सुविधाओं से जुड़ी दूरसंचार आधारित संतुलित काउच मार्गदर्शन प्रणाली स्थापित की जाएगी। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन की स्थिति, कोच की जानकारी और दिशा-निर्देश पहले से कहीं अधिक स्पष्ट रूप में मिल सकेंगे। नई प्रणालियां पूरी तरह आईपी आधारित होंगी। 

तकनीकी खराबियों की संभावना भी होगी कम 
परियोजना से सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज होगा और तकनीकी खराबियों की संभावना भी कम रहेगी। इसके पूरा होने के बाद स्टेशन परिसर में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, स्वचालित उद्घोषणा प्रणाली, आधुनिक सिग्नलिंग और बेहतर दूरसंचार नेटवर्क के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म परिवर्तन और देरी से जुड़ी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रियों को टिकट काउंटर या पूछताछ केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। 

अन्य स्टेशनों पर भी लागू होंगी सुविधाएं
योजना के अनुसार, जिन स्टेशनों पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (एनडीएलएस) के पुनर्विकास के कारण वैकल्पिक रूप से ट्रेन संचालन शुरू किया जाना है, वहां भी इसी तरह की संतुलित आईपी आधारित स्वचालित घोषणाएं, टीएसडीवी (ट्रेन स्टेटस डिस्प्ले बोर्ड) और अन्य आधुनिक प्रणालियां लगाई जाएंगी।

डिजिटल इंडिया और स्मार्ट रेलवे की दिशा में अहम कदम
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की परियोजनाएं ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्मार्ट रेलवे’ अभियान को मजबूती प्रदान करती हैं। आधुनिक तकनीक के उपयोग से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि रेलवे संचालन भी अधिक सुरक्षित और कुशल बनेगा। रेलवे देश के कई प्रमुख स्टेशनों पर इसी तरह की परियोजनाएं पहले से लागू कर रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।
विज्ञापन

राजधानी के रेलवे बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
आनंद विहार रेलवे स्टेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों के लिए एक प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों यात्री लंबी दूरी की ट्रेनों से सफर करते हैं। ऐसे में स्टेशन पर आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाओं का विकास राजधानी दिल्ली के रेलवे बुनियादी ढांचे को और सशक्त करेगा। इससे आनंद विहार स्टेशन राजधानी के उन चुनिंदा स्टेशनों में शामिल हो जाएगा, जहां यात्री सुविधाएं आधुनिक मानकों पर खरी उतरेंगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें