आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर आइसोलेशन कोच
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना से जंग में रेलवे अहम भूमिका निभा रहा है। दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर हॉस्पिटल ऑन व्हील की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंगलवार को इस स्टेशन से ट्रेनों का संचालन बंद कर सभी प्लेटफार्म पर कोविड केयर कोच लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही पूरे कोच को सैनिटाइज करने के साथ साफ-सफाई की गई।
कोविड केयर कोच के हर कंपार्टमेंट में ऑक्सीजन सिलिंडर भी लगा दिया गया है। मंगलवार को दिल्ली सरकार की मेडिकल टीम के साथ रेलवे की मेडिकल टीम ने स्टेशन का मुआयना किया और बेहतर साफ-सफाई के साथ इस हॉस्पिटल ऑन व्हील को 24 घंटे तैयार रहने का निर्देश दिया गया ताकि जरूरत पड़ते ही इस कोच में कोरोना वायरस के लक्षण वाले मरीजों को शिफ्ट किया जा सके।
आनंद विहार स्टेशन के साथ ही शकूर बस्ती शेड को कोरोना के मरीजों के लिए सुरक्षित कर दिया गया है। सभी प्लेटफार्म पर कोरोना मरीजों के लिए बने आइसोलेशन कोच खड़े किए गए हैं। फिलहाल दोनों स्टेशनों पर ढाई सौ कोच लगाए गए हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जरूरत पड़ी तो निजामुद्दीन व पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन को भी कोरोना मरीजों के लिए सुरक्षित कर दिया जाएगा।
फिलहाला दोनों जगहों पर चार हजार बेड कोरोना मरीजों के लिए तैयार हो गए हैं। बचे हुए चार हजार बेड कुछ दिनों में ही मांग के अनुसार लगाए जाएंगे। उतर रेलवे के प्रिंसिपल चीफ मैकेनिकल इंजीनियर अरुण अरोड़ा ने बताया कि उत्तर रेलवे ने अभी तक 540 कोविड केयर कोच तैयार किए हैं। जरूरत पड़ी तो रेल कारखानों में और अधिक आइसोलेशन कोच का निर्माण किया जाएगा। कोच के निर्माण में कोई कमी नहीं होगी।
इसके साथ ही उत्तर रेलवे सैनिटाइजर व पीपीई किट भी बना रहा है। इन्हें फ्रंट कोरोना वॉरियर को दिया जाएगा। कोविड केयर कोच में कोरोना के लक्षण वाले के साथ कोरोना के मरीजों को भी रखा जाएगा। संदिग्ध मरीज के साथ पॉजिटिव मरीजों को भी रखा जा सकेगा। जिनका टेस्ट होना है उन्हें भी इस तरह के तैयार कोच में रखा जा सकेगा। हर कोच में आठ केबिन बने हैं। इस तरह से 10 कोच वाली इस ट्रेन में कुल 80 केबिन हैं। हर केबिन में एक मरीज रखने का निर्णय लिया गया है ताकि संक्रमण न फैले।