उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बेटी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक बुजुर्ग की लाठी और क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त कुलदीप कात्याल (68) के रूप में हुई है। बुधवार देर रात पड़ोसी कुलदीपक की बेटी और दामाद को पीट रहे थे। वह बेटे के साथ बीच-बचाव कराने पहुंच गए। इस बीच आठ-दस युवकों ने कुलदीप और उनके बेटे अंशु को लाठी, रॉड व बैट से पीट दिया। कुलदीप की बेटी ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमला करने का आरोप लगाया है।
वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि कुलदीप की बेटी अपना कुत्ता गली में खुला छोड़ देती थी। इसकी वजह से लोगों को परेशानी होती थी। बुधवार को कुत्ते की वजह से ही झगड़ा हुआ। पुलिस ने मामले में वकुल और दीपक नामक दो लोगों को हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप अपने परिवार के साथ संत नगर बुराड़ी में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी नीता, दो बेटे पवन (40) और अंशु (25) के अलावा दो बेटियां हैं। 37 वर्षीय बेटी परिवार के साथ घर के नजदीक ही रहती है, जबकि बड़ी बेटी करनाल में रहती है। कुलदीप संत नगर में ही मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। बुधवार रात करीब 11.45 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे, उसी दौरान कुलदीप का 17 वर्षीय नाती दौड़ता हुआ आया। उसने बताया कि उसकी मम्मी व पापा के साथ पड़ोसी लड़के झगड़ा कर रहे हैं। फौरन कुलदीप और अंशु वहां पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि वकुल व उसका चाचा दीपक व अन्य अंशु की बहन व जीजा को लातों-घूंसों से पीट रहे थे। कुलदीप वहां पहुंचे और बीच बचाव कराने लगे।
इसी दौरान कुछ अन्य लाग लाठी-डंडे, बैट लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने अंशु उसके पिता कुलदीप व जीजा पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमले के दौरान वकुल ने एक बैट कुलदीप के सिर पर मार दिया, जिससे वह वहीं अचेत हो गए। गंभीर हालत में कुलदीप को पहले बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा नौ बजे कुलदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुलदीप की बेटी ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर ही झगड़ा करने का आरोप लगाया है। लेकिन इससे पहले उसने कभी कोई छेड़छाड़ की शिकायत नहीं दी थी। मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर मामले की छानबीन की जाएगी।