नई दिल्ली। इंडिया इंटरनेशनल सेंटर की एनेक्सी गैलरी में लगी प्रदर्शनी कनेक्शन्स अलग-अलग कला-भाषाओं के बीच मौजूद अदृश्य रिश्ते को महसूस कराती है। गैलरी श्री आर्ट्स द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में कंचन चंदर, कविता नैयर, नंदा दुलाल मुखर्जी, साबिया, सुखविंदर सिंह व सिद्धांत मेधी की कृतियां शामिल हैं। 18 अगस्त से चल रही ये प्रदर्शनी 28 अगस्त तक दर्शकों के लिए खुली है। इसे जितेंद्र पदम जैन ने क्यूरेट किया है, जबकि संकल्पना अंकुश बी शर्मा की है।
चित्रकला व प्रिंटमेकिंग के माध्यम से स्मृति, पहचान व अनुभवों को अभिव्यक्त करती ये कृतियां सतह पर अलग दिखती हैं, लेकिन एक साझा संवाद रचती हैं। क्यूरेटर जितेंद्र पदम जैन के अनुसार, कलाकारों की प्रशिक्षण पद्धति व रचनात्मक यात्राएं भले अलग हों, प्रेरणा, जिज्ञासा व अभिव्यक्ति उन्हें एक-दूसरे से जोड़ती है।
प्रदर्शनी कला को केवल कैनवास या कागज तक सीमित न रखते हुए कलाकारों, उनकी तकनीकों व अनुभवों के बीच संबंध समझने का अवसर देती है। छह अलग-अलग कलात्मक आवाजें मिलकर विविधता के बावजूद एक साझा संवेदना रचती हैं। संवाद