नई दिल्ली। रेलवे ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, मेरठ सिटी और नई दिल्ली के बीच 23 अगस्त को एक फेरे में विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों से परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी। ट्रेन संख्या 04418/04417 मेरठ सिटी-नई दिल्ली-मेरठ सिटी परीक्षा विशेष 23 अगस्त को संचालित होगी। मेरठ सिटी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 04418 दोपहर बाद रवाना होगी। यह ट्रेन मेरठ सिटी से दोपहर 2 बजे चलेगी और करीब 5:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में यह मोदीनगर, मुरादनगर, गुलधर, नया गाजियाबाद, गाजियाबाद, साहिबाबाद, दिल्ली शाहदरा और दिल्ली जंक्शन पर ठहरेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04417 नई दिल्ली से सुबह 5:30 बजे रवाना होकर सुबह 7:45 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। ब्यूरो