नई दिल्ली। कोंडली विधानसभा क्षेत्र के आप विधायक कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को समर्थकों के साथ नवनिर्मित कोंडली पुल को जेसीबी मशीन से अवरोध हटाकर जनता के लिए खोल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पुल छह माह पहले बनकर तैयार हो गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे जानबूझकर बंद रखा।
विधायक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने यह पुल ट्रैफिक जाम से राहत के लिए बनवाया था, लेकिन भाजपा ने जनता को इसका लाभ नहीं लेने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोग सड़क पर उतरे, तो पुलिस बल तैनात कर आवाज दबाने की कोशिश की गई।
कुलदीप कुमार ने सरकार को चेतावनी दी कि पुल दोबारा बंद किया गया तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि यह कदम राजनीतिक नहीं, बल्कि जनता को राहत देने के लिए उठाया गया है। ब्यूरो