फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Water Wastage : संकट के बीच दिल्ली में कई जगहों पर पीने के पानी की बर्बादी, लीकेज काबू नहीं कर पा रही सरकार

Wed, 12 Jun 2024 05:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

कई जगह पाइप लाइन लीक होने के कारण पीने का पानी लोगों के नलों के बजाय नालों में बह जाता है।
विज्ञापन
इस तरह की बर्बादी कई जगह देखी जा सकती है... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में गंभीर पेयजल संकट के बीच अनेक स्थानों पर पीने का पानी बर्बाद हो रहा है। कई जगह पाइप लाइन लीक होने के कारण पीने का पानी लोगों के नलों के बजाय नालों में बह जाता है। पाइप लाइन लीक होने के मामले नई दिल्ली इलाके में देखने को मिल रहे हैं। यह हालात तब हैं जब पानी संकट व पानी बर्बाद होने के मामले को लेकर दिल्ली व हरियाणा सरकार और दिल्ली सरकार व उपराज्यपाल आमने सामने हैं।

विज्ञापन


राजधानी में आईटीओ स्थित अन्ना काॅलोनी में पेयजल आपूर्ति करने वाली पाइप लाइन में बड़ी लीकेज है। इस कारण यहां पीने का पानी बर्बाद हो रहा है। इलाके के निवासियों ने बताया कि पाइप लाइन में कई महीने से लीकेज है। इस बारे में कई बार जल बोर्ड को अवगत कराया है। इस काॅलोनी के पास ही एक अन्य स्थान पर भी पाइप लाइन लीक हो रही है। आईटीओ स्थित बहादुर शाह जफर मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास कई माह से पाइप लाइन में लीकेज है और यहां भी रोज काफी पानी बर्बाद हो रहा है।

चिराग दिल्ली में भी पाइप लाइन लीक हो रही है। खास बात यह है कि इस पाइप लाइन में लीकेज के संबंध में अमर उजाला ने दो दिन पहले खबर प्रकाशित की थी। यहां पर भी पानी बर्बाद होने का सिलसिला निरंतर जारी है। इसके अलावा नई दिल्ली के कई इलाकों में पाइप लाइन जर्जर हालत में है। इन स्थानों पर पाइप लाइनों के बड़े हिस्से सेे जंग के टुकड़े टूट हुए हैं।
विज्ञापन


पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर एलजी कराएंगे सख्त कार्रवाई
राजनिवास के अधिकारियों ने कहा कि यदि मंत्री आतिशी व दिल्ली जल बोर्ड टैंकर माफिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हैं तो एलजी इस मामले में सख्त कार्रवाई करवाएंगे। वहीं मंत्री के आरोप पर पलटवार करते हुए अधिकारी ने कहा कि मंत्री दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रही हैं। वह झूठ बोलकर पानी उपलब्ध कराने में दिल्ली सरकार की विफलता से बचने के लिए बहाना बना रही हैं। दिल्ली में पानी की कमी नहीं है। खुद मंत्री ने कहा कि एक जल संयंत्र को छोड़कर दिल्ली के संयंत्र हरियाणा के मुनक नहर से मिल रहे पानी को लेकर अपनी क्षमता से अधिक पानी का शोधन कर रहे हैं। केवल वजीराबाद जल संयंत्र है जो वजीराबाद बैराज के पीछे के जलाशय से पानी उठाता है। इस जलाशय में करीब 96 फीसदी गाद भरी है। पिछले दस साल से जलाशय की सफाई ही नहीं की गई है। 

अधिकारी ने कहा कि मुनक नहर की मरम्मत हरियाणा करती है लेकिन इसके लिए दिल्ली सरकार को बताना पड़ता है। साथ ही मरम्मत के लिए भुगतान करना होता है। दिल्ली सरकार ने कभी भी नहर की लाइनिंग में खराबी का पता लगाने की कोशिश नहीं की और न ही इसकी मरम्मत के लिए कभी कहा। उन्होंने कहा कि टैंकर वाले नहर से पानी चुरा रहे हैं। इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड ने कभी भी दिल्ली पुलिस में शिकायत तक दर्ज नहीं कराई। इससे लगता है कि टैंकर माफिया के साथ मिलीभगत है। यदि आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई जाती है तो एलजी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

...तो दिल्लीवालों को मिलेगा पूरा पानी
एलजी कार्यालय ने एक बार फिर कहा कि यदि दिल्ली सरकार 54 फीसदी बेहिसाब पानी और 40 फीसदी लीकेज को बंद कर दे तो दिल्ली के लोगों को भरपूर पानी मिलेगा लेकिन मंत्री आतिशी ने इस विषय पर कुछ नहीं बोला। हो सकता है कि पानी माफिया के साथ कोई साठगांठ हो।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें