अमेरीकी महिला से कनॉट प्लेस गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार आरोपीयों को ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कनॉट प्लेस स्थित पांच सितारा होटल में अमेरिकन युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस ने होटल की कई हार्डडिस्क फोरेंसिक लैब (एफएसएल) जांच के लिए भेज दी हैं। हार्डडिस्क से गत अप्रैल महीने की होटल की सीसीटीवी फुटेज की जानकारी मिल सकेगी। पुलिस के अनुसार फुटेज से ही ये पता लगेगा कि आरोपी होटल में पीड़ित अमेरिकन युवती के कमरे तक गए थे या नहीं।
होटल की कुल नौ हार्डडिस्ट फोरेंसिक लैब भेजी गई हैं। इनमें होटल की लॉबी, जिस कमरे में अमेरिकन युवती थी, उसके बाहर की फुटेज इन हार्डडिस्ट से निकलवाने का प्रयास किया जाएगा। होटल प्रशासन का कहना है कि करीब तीन महीने का होटल में सीसीटीवी फुटेज का रिकार्ड रखा जाता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती मंगलवार रात अपने देश लौट जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने चारों आरोपियों को मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के घर में पेश किया था, जहां से से सभी को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने अमेरिकन युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में चारों आरोपियों को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया था।