- 2.40 करोड़ रुपये की लागत से तीन स्थानों पर होगा नवीनीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार, जौहरीपुर और गंगा सहाय कॉलोनी में आंबेडकर चौपालों का नए सिरे से नवीनीकरण किया जाएगा। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने तीनों स्थानों पर काम की परियोजना तैयार की है। तीनों चौपालों के काम पर करीब 2.40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
विभाग के अनुसार हर्ष विहार के डी-ब्लॉक स्थित आंबेडकर चौपाल के नवीनीकरण पर करीब 97.48 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं जौहरीपुर के टुंडा नगर की चौपाल के लिए करीब 97.43 लाख और गंगा सहाय कॉलोनी की चौपाल के लिए करीब 45.11 लाख रुपये की परियोजना तैयार की गई है। तीनों कार्य गोकलपुरी विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के संबंधित डिवीजन के माध्यम से कराए जाएंगे।
परियोजनाओं में चौपालों के पुराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, फर्श और टाइलों से जुड़े कार्य तथा भवन की स्थिति सुधारने जैसे काम शामिल हैं। हर्ष विहार, जौहरीपुर और मंडोली क्षेत्र घनी आबादी वाले इलाके हैं। यहां सामुदायिक भवनों की भूमिका स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है।