अमर उजाला की ओर से आयोजित होने जा रहे शिक्षक सम्मान समारोह-2025 के तहत लोकप्रिय शिक्षकों को चुनने के लिए बृहस्पतिवार से वोटिंग शुरू होगी। पहले दिन नोएडा-ग्रेटर नोएडा के तीन स्कूलों में वोटिंग कराई जाएगी। मतदान के जरिये अपने प्रिय शिक्षक को चुनने के लिए छात्र उत्साहित हैं।
वोटिंग निष्पक्ष तरीके से हो सके इसके लिए तीनों स्कूलों में अमर उजाला की टीम मौजूद रहेगी। बृहस्पतिवार को सेक्टर-62 के कार्ल हूबर स्कूल, ग्रेनो के बीटा-1 स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल और कासना के श्री अमीचंद इंटर कॉलेज में वोटिंग कराई जाएगी। तीनों स्कूल पिछली बार भी वोटिंग प्रक्रिया में शामिल हुए थे।
स्कूलों ने भी वोटिंग को लेकर अपने स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है। छात्रों के लिए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। छात्र भी प्रिय शिक्षक को चुनने का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों के वोटिंग करने के बाद अंगुली पर स्याही का निशान लगाया जाएगा।
कैसे होगी वोटिंग
- अमर उजाला की ओर से वोटिंग से कुछ देर पहले स्कूलों को लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। जिसको वह कंप्यूटर पर अपलोड करेंगे। इसके जरिये वोटिंग होगी। हर स्कूल के लिए अलग से बूथ होगा।
- वोटिंग प्रक्रिया में कक्षा 6 से 12वीं तक के सभी छात्र शामिल होंगे।
- मतदान की गोपनीयता को बरकरार रखने के लिए स्कूल अपने स्तर पर पोलिंग बूथ बनाएंगे।
- वोटिंग करने वाले सभी छात्रों की उंगली पर स्याही लगाई जाएगी।
- वोटिंग प्रक्रिया में स्कूल के शत प्रतिशत पात्र बच्चों को शामिल करने के लिए स्कूलों को हर संभव प्रयास करना होगा।
स्कूल 10 अगस्त तक कर सकेंगे नामांकन
कई स्कूलों के शिक्षक अभी तक नामांकन नहीं कर सके हैं। उनकी मांग पर नामांकन की तिथि 10 अगस्त तक बढ़ाई गई है। स्कूलों के शिक्षक अमर उजाला की ओर से दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके नामांकन कर सकेंगे।