बुधवार दोपहर सेक्टर-27 स्थित डीएम कैंप ऑफिस पर अमर उजाला फाउंडेशन की टीम पहुंची और जिलाधिकारी सुहास एलवाई को 500 पीपीई किट सौंपी। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिए कि कोविड-19 के खिलाफ जंग लड़ रहे स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर्स व स्वास्थ कर्मचारियों को पीपीई किट उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने अमर उजाला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अमर उजाला अखबार के माध्यम से कोरोना वायरस रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने में बड़ी भूमिका निभा रहा है, साथ ही अपनी सामाजिक जिम्मेदारी भी निर्वहन कर रहा है। प्रभारी सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि कोरोना के कारण पीपीई के किट की काफी जरूरत पड़ रही है। अमर उजाला में गौतमबुद्ध नगर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को 500 किट देकर बेहद सराहनीय कार्य किया है।
फाउंडेशन ने प्रदेश के सबसे संक्रमित जिले आगरा में कोरोना योद्धाओं को सुरक्षा कवच प्रदान किए हैं। बुधवार को डीएम प्रभु एन सिंह को एक हजार पीपीई किट और 180 एन-95 मास्क सौंपे गए। डीएम ने इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन का आभार जताया। डीएम ने कहा कि पीपीई किट और एनए-95 मास्क कोरोना योद्धाओं के लिए सुरक्षा कवच हैं। अमर उजाला फाउंडेशन ने इन्हें मुहैया कराकर कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाया है। एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल को ये किट और मास्क उपलब्ध कराए जाएंगे। सीएमओ डॉ. मुकेश वत्स ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन ने कोरोना योद्धाओं का सहयोग किया है। इसके लिए आभार। आगरा में स्वास्थ्यकर्मी पूरी शिद्दत के साथ कोरोना से लड़ाई लड़ रहे हैं।
यहां डीएम अनिल ढींगरा को 1500 पीपीई किट दीं गईं। कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हमारे स्वास्थ्यकर्मियों की मदद के लिए यह पहल की गई है। इस प्रयास के पीछे मुख्य उद्देश्य कोविड 19 के महा खतरे से लड़ रहे जनसामान्य की उखड़ती सांसों को पुन:जीवन देने वाले चिकित्सक संक्रमण से बचे रहें। डीएम ने कहा कि अमर उजाला हमेशा सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़ा रहता है। आपदा के समय भी देश और समाज की सेवा में तत्पर है। मेडिकल अस्पताल में बेडशीट व मास्क वितरण के बाद आज फिर पीपीई किट का वितरण किया है। कोरोना महामारी के दौरान फिर से सहयोग देकर अमर उजाला फाउंडेशन ने मिसाल कायम की है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरसी गुप्ता ने आभार जताया तो सीएमओ डॉ. राजकुमार ने कहा-इस लड़ाई में किट की बहुत जरूरत है।
कोरोना के खिलाफ लड़ाई में लगे चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन आगे आया है। बुधवार को फाउंडेशन की ओर से ऐसे ही योद्धाओं की मदद के लिए 500 पीपीई किट जिला प्रशासन को सौंपी गईं। डीएम कैंप ऑफिस पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने यह किट सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता को सौंपी। डीएम ने कहा कि यह अमर उजाला फाउंडेशन का सराहनीय कदम है। इससे हमें कोरोना मरीजों के इलाज में लगे स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर बचाव हेतु पीपीई किट देने में मदद मिलेगी। इस तरह के प्रयास से बाकी लोगों को भी जनसेवा करने की प्रेरणा मिल सकेगी। सीएमओ ने भी सराहना करते हुए कहा कि कोरोना से जंग में पीपीई किट की आवश्यकता सबसे ज्यादा पड़ रही है, यह प्रयास सराहनीय है।