अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को होम्स 121 सोसाइटी में पुलिस की चौपाल लगाई गई। इसमें सोसाइटी के लोगों ने काफी संख्या में पहुंचकर पुलिस को सुरक्षा संबंधी समस्याएं बताईं।
एसपी ग्रामीण विनीत जायसवाल ने सिलसिलेवार तरीके से सभी लोगों की समस्याओं पर जवाब दिया। करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में सोसाइटी, सेक्टर व सड़क पर सुरक्षा के बारे में चर्चा की गई। इससे पहले सोसाइटी के वेलकम लाउंज में एओए के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने एसपी ग्रामीण विनीत जायसवाल, ट्रेनी आईपीएस अशोक वेंकट, क्षेत्राधिकारी पीयूष सिंह, इंस्पेक्टर हरिनंदन शर्मा व चौकी प्रभारी मान सिंह का स्वागत किया।
चौपाल कार्यक्रम में एसपी ग्रामीण ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों को पुलिस की कार्यशैली से लेकर सिस्टम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कहीं भी डर लगे, कोई शंका हो तो बेहिचक 100 नंबर पर फोन करें। सोसाइटी के अधिकतर पुरुष व महिलाएं कामकाजी होते हैं। कई बार फ्लैट में महिलाएं व वरिष्ठ नागरिक अकेले होते हैं। इस कारण 100 नंबर आपके पास सबसे बड़ा हथियार है।
पुलिस आपकी मदद के लिए 10 मिनट के भीतर पहुंच जाएगी। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि अगर आपको कोई गलत मेसेज करता हो, फोन करता हो तो आप 1090 पर कॉल करें। यूपी पुलिस की साइट पर एक विकल्प पोर्टल है। महिलाएं उस पर अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकती हैं। इसमें महिलाओं का नाम गुप्त रखा जाएगा।
किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, पिन न बताएं
साइबर क्राइम के बारे में एसपी ग्रामीण ने कहा कि यह सबसे बड़ा क्राइम है। इसमें सबसे पहले ध्यान यह रखें कि किसी भी व्यक्ति को अपना ओटीपी, पिन या बैंक व एटीएम से संबधित सूचनाएं नहीं दें। बैंक कभी भी किसी से फोन पर कोई सूचना नहीं मांगता है।
चौपाल में मीनाक्षी, पंकज व कुलदीप ने साइबर क्राइम व एफआईआर दर्ज नहीं करने के बारे में सवाल किए। इस पर एसपी ग्रामीण ने कहा कि कई मामलों में जांच की जाती है। इस कारण वक्त लगता है, लेकिन अगर आपको लगे कि पुलिस जानबूझकर देरी कर रही है तो उच्च अधिकारियों को तुरंत बताएं। सोसाइटी निवासी मीना, अंजू, राजा ने चेन स्नेचिंग व बगैर मानकों के स्कूल बस के संचालन के बारे में सवाल किए।