कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लॉकडाउन के चलते कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे, इसके लिए विभिन्न शहरों में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मदद अभियान जारी है। फाउंडेशन विभिन्न संस्थाओं की मदद से कहीं कम्युनिटी किचन के जरिए खाना बांट रहा है, तो कहीं घर-घर जाकर खाद्य एवं जरूरत की अन्य सामग्री उपलब्ध करवा रहा है।
गाजियाबाद में महाराजा अग्रसेन रसोई के साथ मिलकर हजारों पैकेट भोजन वितरित किया गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और पगडंडिंया संस्था के सहयोग से भी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई गई।
शामली में अमर उजाला फाउंडेशन और तीन सामाजिक संस्थाओं ने संयुक्त रूप से अलग-अलग स्थानों पर सैकड़ों लोगों को भोजन कराया।
कानपुर में सामाजिक संस्थाएं अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से शहर के कई स्थानों पर चलाई जा रही कम्युनिटी किचन को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवा रही हैं। शुक्रवार को भी हजारों लोगों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए।
फर्रुखाबाद में प्रदीप गंगवार मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से फतेहगढ़ स्थित शेल्टर होम व नानक नगर में दिहाड़ी मजदूरों के बीच भोजन के पैकेट बांटे गए।
इटावा के जसवंतनगर में कंजड़ बस्ती में भोजन के पैकेट बांटे। वहीं, महेवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बहेड़ा में घर-घर जाकर आटे के पैकेट वितरित किए गए।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक मुठ्ठी अनाज अभियान के तहत सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर झुग्गी-झोपड़ियों में खाद्य सामग्रियां बांटी गईं।
सोनीपत में जैन समाज समेत कई अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर खाना बंटवाया गया।
गोरखपुर : शहर के पत्र वितरकों को दिया राशन
गोरखपुर में शुक्रवार को जालान कॉनकास्ट के प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश जालान के जरिये फाउंडेशन ने पत्र वितरकों के बीच राशन सामग्री वितरित की।
हेल्पलाइन पर मदद मांगी, टीमें पहुंचीं
झांसी में शुक्रवार को बस्तियों में जाकर गरीबों को खाद्य सामग्री बांटी गई। इसके तहत आटा, दाल, चावल और सब्जियों का वितरण किया गया। कुछ स्थानों पर मास्क भी दिए गए। अमर उजाला की हेल्पलाइन पर जिन लोगों ने फोन करके मदद मांगी थी वहां तक टीमें पहुंचीं। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने अमर उजाला की इस मुहिम को सराहा है। अपील की है कि फाउंडेशन से जुड़कर लोग गरीबों की मदद करें।