गाजियाबाद के क्रासिंग रिपब्लिक के लोगों को जरूरत पड़ने पर एक कॉल पर प्लाज्मा उपलब्ध हो जाएगा। इसके लिए यहां की विभिन्न सोसायटियों में रहने वाले लोगों का ऑनलाइन डाटा तैयार किया जा रहा है। एक फार्म बनाया गया है। जिसमें ऐसे लोगों के नाम, उम्र, सोसायटी का नाम, ब्लड ग्रुप से लेकर सारी जानकारी जुटाई जा रही है, जिन्हें पहले कोरोना संक्रमण हो चुका है। ताकि जरूरत पड़ने पर प्लाज्मा दान करने के लिए उनसे संपर्क किया जा सके। इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी क्रासिंग रिपब्लिक सांस्कृतिक कला संगम समिति उठाएगी। क्रासिंग के करीब 50 हजार लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
क्रासिंग रिपब्लिक में 28 सोसायटी हैं। करीब 50 हजार से अधिक लोग यहां रहते हैं। इन सभी सोसायटी में अभी तक 500 से अधिक लोगों को कोरोना हो चुका है। इसमें से काफी संख्या में लोग ठीक हो चुके हैं। स्काइटेक फेज-दो निवासी एवं समाजसेवी अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पास प्लाज्मा के लिए फोन आते हैं, लेकिन उसकी व्यवस्था नहीं हो पाती है। ऐसे में मन में कुछ करने का विचार आया और अपने कुछ साथियों से इस पर चर्चा की। उन्होंने क्रासिंग वैरियर प्लाज्मा डोनर बैंक बना दिया। इसके माध्यम से अभी केवल क्रासिंग रिपब्लिक के लोगों की ही मदद की जाएगी।
ऐसे होगी लोगों की मदद
सभी 28 सोसायटी के एओए अध्यक्ष एवं सचिव को जिम्मेदारी दी गई है कि वह अपनी-अपनी सोसायटी से ऑनलाइन फार्म भरवाएंगे। इसमें यह जानकारी भरनी होगी कि कितने लोगों को सोसायटी में कोरोना हुआ, कितने लोग ठीक हो चुके हैं, कितने लोगों का इलाज चल रहा है। इसके साथ सोसायटी का नाम, व्यक्ति का नाम, उम्र, ब्लड ग्रुप, कब कोरोना हुआ, कब ठीक हुआ, सारा डाटा रहेगा। सभी का मोबाइल नंबर भी होगा। जिससे किसी व्यक्ति को प्लाज्मा की आवश्यकता होगी तो उसका ब्लड ग्रुप पूछने के बाद संबंधित व्यक्ति को कॉल कर दिया जाएगा। वह व्यक्ति संबंधित हॉस्पिटल में जाकर प्लाज्मा देकर आएगा। इस तरह से लोगों की मदद की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल आईडी से होगी तत्काल सुनवाई
सोसायटी का सारा रिकार्ड क्रासिंग रिपब्लिक सांस्कृतिक कला संगम समिति के पास होगा। सोसायटी में जिस भी व्यक्ति को दिक्कत होगी। वह अपनी समस्या बताएगा। उसका तत्काल समाधान किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सोसायटी में एक सदस्य बनाया जाएगा। वह इसकी मॉनिटरिंग करेगा। एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। उस पर भी संपर्क किया जा सकता है।
खुद की पहल से बचाएंगे अपनों की जान
प्रत्येक दिन किसी न किसी को प्लाज्मा की जरूरत पड़ती है। इसलिए खुद के प्रयास और पहल से अपने लोगों की जान बचाएंगे। इस पहल को अन्य लोगों को भी आगे बढ़ाना चाहिए। जिससे लोगों की मदद हो सके। -अनुरंजन श्रीवास्तव, समाजसेवी
क्रासिंग रिपब्लिक में काफी संख्या में लोगों को कोरोना हो चुका है। लोगों की मदद के लिए ये पहल की गई है। इसमें लोग रहेंगे, जो जरूरत पड़ने पर संबंधित अस्पताल में पहुंच कर प्लाज्मा दान कर सकें। -विवेक शर्मा, सचिव, क्रासिंग रिपब्लिक सांस्कृतिक कला संगम समिति
समिति के द्वारा छोटी सी पहल की गई है, जिससे लोगों को कुछ फायदा हो सके। इसमें प्रत्येक सोसायटी मदद कर रही है। उम्मीद है कि इसका फायदा भी सभी लोगों को मिलेगा। -क्षितिज सिंघल, अध्यक्ष, क्रासिंग रिपब्लिक सांस्कृतिक कला संगम समिति
इस पहल से क्रासिंग के काफी लोगों को फायदा पहुंचेगा। इस मुहिम को आगे बढ़ाने वाले लोग बधाई के पात्र हैं। वह सोसायटी के लोगों के लिए कुछ अच्छा कर रहे हैं। हम उनके साथ हैं। -तरुण चौहान, अध्यक्ष, क्रासिंग रिपब्लिक क्रॉमा