दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर और ढांचागत सुविधाओं को सुधारने के बाद अब इन स्कूलों से पूर्व छात्रों को जोड़ने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। सरकारी स्कूलों से पढ़े व शिखर पर पहुंचे पूर्व छात्रों को जोड़ने के लिए नवंबर से दिसंबर तक चार बार एल्युमिनी मीट आयोजित होंगी, जहां पुराने छात्र वर्तमान में पढ़ रहे छात्रों से अपने अनुभवों को साझा करेंगे। इसके लिए जल्द ही एल्युमिनी कमेटी का गठन भी होगा।
दिल्ली सरकार ने प्राइवेट स्कूल की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में भी एल्युमिनी मीट आयोजित करने की कवायद शुरू की है। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर एक एल्युमिनी लिंक उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे कि पुराने छात्रों का एक समूह तैयार किया जा सके। अब शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूल प्राचार्यों को एल्युमिनी मीट करने को कहा है। पहली मीट 14 नवंबर, दूसरी मीट 26 नवंबर, तीसरी दिसंबर में होने वाले वार्षिक समारोह व चौथी मीट 26 जनवरी को आयोजित होगी।
ज्यादा से ज्यादा पुराने छात्र इसमें हिस्सा ले, इसके लिए उन्हें सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, ई-मेल व संदेश के माध्यम से आमंत्रित करने को कहा गया है। इसके लिए स्कूलों को स्कूल एल्युमिनी कमेटी भी गठित करनी होगी। इसमें स्कूल प्राचार्य, शिक्षक व एल्युमिनी सदस्यों समेत 7 से 10 सदस्य होंगे। सरकार की इस पूरी कवायद का उद्देश्य पुराने छात्रों को साथ लाकर एक एल्युमिनी नेटवर्क तैयार करना है। इस तरह की मीट ज्यादातर निजी स्कूलों में देखने को मिलती है।