सऊदी अरब से हो रही टेरर फंडिंग रोकने और उसके शहर मदीना में दोबारा जन्नतुल बकी (मदीना में बने मजार, जिनमें मोहम्मद साहब की बेटी हजरत फातिमा का भी मजार था) का निर्माण कराने की मांग लेकर बुधवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ।
ऑल इंडिया शिया-सुन्नी फ्रंट, अल-बकी संस्था और ग्लोबल हुसैनी मिशन की ओर से आयोजित धरना-प्रदर्शन में दिल्ली-एनसीआर के अलावा लखनऊ, हैदराबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आए लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के बाद सऊदी अरब दूतावास को ज्ञापन देने के बाद उसकी प्रतियां पीएमओ और यूएनओ को भेजी गईं।
फ्रंट के महासचिव ने बताया कि वर्ष 1925 में तत्कालीन सऊदी सरकार ने मदीना शहर में बने जन्नतुल बकी को तुड़वा दिया था। वहां मोहम्मद साहब की बेटी फातिमा, पांच इमामों व कई सहाबियों के मजार थे। इन्हें दोबारा बनवाने की मांग लेकर पूरी दुनिया में हर साल आठवीं शव्वाल (चांद की तारीख) को प्रदर्शन किया जाता है। इसी क्रम में यह प्रदर्शन हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि सऊदी अरब सरकार आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठनों की फंडिंग बंद करे। प्रदर्शन में डॉ. सरकार खान, जुल्फिकार अहमद छम्मन, मौलाना अंसार रजा निजामी, मो. मोहसिन तकवी, मो. कामरान हैदर, मो. शबाब हैदर, शेख अस्करी और देशभर से आए लोगों ने हिस्सा लिया।