सेक्टर-69 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना में आवेदन करने वाले अधिकतर आवेदकों को भूखंड मिल सकेगा। दरअसल, भूखंडों की तुलना में आवेदन कम होने से सभी को यह फायदा मिलेगा।
नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर योजना 7 नवंबर को समाप्त हो रही है। ट्रांसपोर्टर की मांग पर एक बार तिथि बढ़ाई जा चुकी है। अब और नहीं बढ़ाई जाएगी।
अब तक जो ट्रांसपोर्टर आवेदन नहीं कर सके हैं, वे शनिवार तक आवेदन कर सकते हैं। उसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अब तक करीब 400 ट्रांसपोर्टरों ने आवेदन किया है।
ऐसे में अगर किसी आवेदन में कोई तकनीकी खामी न मिली तो लगभग सभी को भूखंड मिल जाएंगे। इसका ड्रॉ एक माह में कराने की तैयारी है। फिलहाल, कोई तिथि तय नहीं की गई है।
प्राधिकरण अधिकारियों का यह भी कहना है कि स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को आवंटन के बाद बचे हुए भूखंडों के लिए नए सिरे से योजना लांच हो सकती है, जिसमें बाहरी ट्रांसपोर्टरों को भी आवेदन की छूट मिल सकती है।