विदेशों में नौकरी करने की चाहत रखने वाले एजेंटों के झांसे में आकर जालसाजी का शिकार बन रहे हैं। इन्हें ठगी का शिकार बनाने में पंजाब के जालसाज सबसे अव्वल हैं। हरियाणा, दिल्ली और यूपी के भी जालसाज इस सूची में पीछे नहीं हैं। विदेश भेजने के नाम पर हसीन ख्वाब दिखाकर जालसाज लोगों से लाखों रुपये वसूल रहे हैं। ऐसी ठगी करने के करीब 184 जालसाजों को दिल्ली पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है। इन जालसाजों के तार विदेश से भी जुड़े हुए हैं। इनके साथी पड़ोसी देश नेपाल, म्यांमार, अमेरिका, रूस में भी सक्रिय हैं।
किन राज्यों के एजेंट लोगों को कहां भेजते हैं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामलों की जांच में सामने आई है कि पंजाब और हरियाणा के रहने वाले एजेंट ज्यादातर लोगों को अमेरिका, ब्रिटेन और रूस भेजने का झांसा देकर ठगी करते हैं। इसके लिए एजेंट डंकी रूट का इस्तेमाल करते हैं और विदेश में अपने सिडिंकेट में सक्रिय एजेंट की मदद लेते हैं। वहीं यूपी और बिहार के एजेंट लोगों को खाड़ी देशों में भेजने का झांसा देकर ठगी को अंजाम देते हैं।
10 लाख से 50 लाख मांगते हैं
विदेश भेजने के नाम पर एजेंट लोगों से मुंह मांगी रकम मांगते हैं। अमेरिका और ब्रिटेन भेजने के लिए एजेंट लोगों से 10 लाख से लेकर 50 लाख रुपये की मांग करते हैं। वहीं खाड़ी देशों में भेजने के लिए एजेंट एक लाख से पांच लाख रुपये की मांग करते हैं।