फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अक्षरधाम से आगरा तक नॉनस्टॉप होगा सफर

Mon, 15 Apr 2019 03:49 AM IST
vivek shukla योगेश शर्मा, अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर जाम का झंझट खत्म करने वाले प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के लिए दोबारा सर्वे किया गया है। दिल्ली से आने वाले वाहन मयूर विहार फ्लाईओवर से उतरे बिना ही सीधे महामाया फ्लाईओवर पहुंच सकेंगे। इसके अलावा डीएनडी और सेक्टर-16ए (फिल्म सिटी) फ्लाईओवर को भी एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम (यूपीएसबीसी) ने इसका डिजाइन तैयार कर लिया है। जल्द ही इसे मंजूरी के लिए आईआईटी दिल्ली भेजा जाएगा। एलिवेटेड रोड बनने के बाद अक्षरधाम से आगरा तक सफर नॉनस्टॉप हो जाएगा। 
विज्ञापन


फिलहाल, चिल्ला रेगुलेटर कट पर लगा सिग्नल और लिंक रोड का जाम परेशानी का सबब बना हुआ है। हालांकि, एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास 25 जनवरी को हो चुका है, लेकिन डिजाइन फाइनल न होने से काम शुरू नहीं हो पाया है। पाइल टेस्टिंग के आधार पर डिजाइन तैयार कर लिया गया है। मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर के बीच कराए गए सर्वे के आधार पर उतार-चढ़ाव के लिए लूप निर्धारित किए गए हैं। सेतु निगम के अधिकारी शशि भूषण ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में जनरल ड्राइंग नोएडा प्राधिकरण के पास भेज दी जाएगी। इसके बाद फाइनल डिजाइन आईआईटी दिल्ली भेजा जाएगा। अगले महीने से एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कम होगा वाहनों का दबाव
दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर रोजाना चार से पांच लाख वाहनों का दबाव रहता है। मयूर विहार, डीएनडी और ओखला बैराज के रास्ते ग्रेनो, अलीगढ, मथुरा, आगरा, कानपुर और लखनऊ के बीच आवाजाही करने वाले वाहन लिंक रोड से होकर गुजरते हैं, जिससे दिनभर जाम जैसे हालात बने रहते हैं।
विज्ञापन


ट्रैफिक पर नहीं पड़ेगा असर
एलिवेटेड रोड नोएडा में चिल्ला रेगुलेटर के रास्ते सेक्टर-14 व 14ए और 15 व 15ए के बीच ड्रेन के सहारे होकर गुजरेगी। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान दिल्ली-नोएडा लिंक रोड के ट्रैफिक पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सेक्टर-14, सेक्टर-16, सेक्टर-18 क्रॉसिंग पर निर्माण के दौरान दिल्ली मेट्रो की कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी, ताकि रास्ता बंद न करना पड़े।

कुछ इस तरह आसान होगा सफर
- मयूर विहार: अक्षरधाम की तरफ से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन मयूर विहार एक्सटेंशन फ्लाईओवर से उतरे बिना ही एलिवेटेड रोड के रास्ते चिल्ला रेगुलेटर होकर जा सकेंगे। दिल्ली जाने वालों के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था रहेगी।
- डीएनडी फ्लाईवे: यहां उतार-चढ़ाव के लिए लूप बनाए जाएंगे। इसके जरिये वाहन रजनीगंधा अंडरपास, डीएनडी के रास्ते आश्रम जा सकेंगे। आश्रम की ओर से डीएनडी होकर आने वाले वाहन लूप के जरिये एलिवेटेड रोड पर चढ़कर महामाया और मयूर विहार की तरफ जा सकेंगे।
- सेक्टर-16ए फ्लाईओवर: एलिवेटेड रोड के जरिये दिल्ली से आ रहे वाहन सेक्टर-18 की ओर बने लूप पर उतर सकेंगे। इसी तरह सेक्टर-18 की ओर से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने के लिए भी रास्ता बनाया जाएगा। लूप इस तरह तैयार किए जाएंगे, ताकि फिल्म सिटी और सेक्टर-15ए जाने वाले वाहनों को भी आसानी हो।
- महामाया फ्लाईओवर: एलिवेटेड रोड को महामाया फ्लाईओवर से जोड़ा नहीं जाएगा। फ्लाईओवर से ठीक पहले एलिवेटेड रोड खत्म हो जाएगी। यहां बायीं ओर बॉटेनिकल गार्डन की ओर जाने के लिए अलग से लूप उतारा जाएगा, जबकि एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले वाहन सीधे जा सकेंगे। एक्सप्रेसवे और ओखला बैराज की ओर से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने के लिए दलित प्रेरणा स्थल से पहले लूप तैयार किया जाएगा।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें