kejriwal and manoj tiwari
मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री के विभिन्न नेताओं से माफी मांगने के कदम पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि वह कानून का नियमित रूप से उल्लंघन करते रहे हैं और अब किसी षड्यंत्र के तहत माफी मांगने लगे हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और अन्य नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद उनकी माफी ने देश और विशेष रूप से दिल्ली के लोगों के सामने झूठ का पूर्णत: पर्दाफाश कर दिया है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल हमेशा राजनैतिक विरोधियों की छवि धूमिल करने के लिए झूठे आरोप लगाने की राजनीति करते रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय माकन ने वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र की झुग्गियों में पानी भरने के दौरान हुए झगड़े में एक व्यक्ति की मौत पर दिल्ली सरकार को आड़े हाथ लिया।
अजय माकन ने कहा कि एक ओर सरकार निशुल्क पानी उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, दूसरी ओर गरीबों को पानी के लिए जान गंवानी पड़ रही है। माकन इस झगड़े में जान गंवाने वाले लाल बहादुर के यहां पहुंचे।
अजय माकन ने कहा कि जब से केजरीवाल सरकार दिल्ली में आई है, तभी से दिल्ली में पानी के झगड़े को लेकर काफी लोगों को जान गंवानी पड़ी है। कांग्रेस के कार्यकाल में वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में लाइन बिछाकर पीने का पानी मुहैया कराया जा रहा था।
कई माह से उस लाइन में पानी नही आ रहा है। टैंकर से काफी कम पानी की सप्लाई की जाती है। इसी कारण लाल बहादुर गरीब मजदूर को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार के ढुलमुल और गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण दिल्ली में पीने के पानी का भारी संकट आने वाला है।