-शहर का एक्यूआई 193 दर्ज, बुधवार के मुकाबले 23 अंकों की गिरावट ग्वाल पहाड़ी में सबसे ज्यादा 234 रहा प्रदूषण स्तर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेप-एक लागू हो गया है। इस बीच शहर में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में बुधवार के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को शहर का औसत एक्यूआई 193 रहा, जबकि बुधवार को यह 216 दर्ज किया गया था। हालांकि, शहर के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है।
प्रदूषण निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार, ग्वाल पहाड़ी में सबसे अधिक 234 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, टेरी ग्राम का एक्यूआई 210 रहा। इन दोनों केंद्रों पर वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दूसरी ओर, सेक्टर-51 में एक्यूआई 159 और विकास सदन में 170 रहा। इन दोनों स्थानों पर हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही।
ग्वाल पहाड़ी में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा
शहर में बुधवार के मुकाबले औसत एक्यूआई में 23 अंकों की कमी जरूर आई है, लेकिन ग्वाल पहाड़ी और टेरी ग्राम में प्रदूषण का स्तर 200 से ऊपर बना हुआ है। ऐसे में शहर के अलग-अलग हिस्सों में वायु गुणवत्ता की स्थिति में अंतर देखने को मिल रहा है।