फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Air Pollution : एनसीआर में दिल्ली सबसे अधिक प्रदूषित, आठ इलाकों में एक्यूआई 300 पार; दिवाली पर होगी हालत गंभीर

Wed, 30 Oct 2024 01:39 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

आज और कल हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। दिवाली के दिन होने वाली आतिशबाजी हवा को दमघोंटू की ओर ले जा सकती है।
विज्ञापन
delhi pollution - फोटो : File Photo
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एनसीआर में मंगलवार को दिल्ली की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 268 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा अगले दो दिन में हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। दिवाली के दिन होने वाली आतिशबाजी हवा को दमघोंटू की ओर ले जा सकती है। ऐसे में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बृहस्पतिवार से हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है।

विज्ञापन


मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार दिवाली अक्तूबर में है। इस माह में एक दिन भी बारिश नहीं हुई है। मौसमी परिस्थितियां प्रतिकूल हैं ऐसे में लोगों को इस बार दिवाली के दिन गंभीर श्रेणी की हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ सकता है। मंगलवार को आठ इलाकों में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया। इनमें मुंडका में सबसे अधिक वायु सूचकांक 325 दर्ज किया गया। वहीं, 25 इलाकों में एक्यूआई 200 के पार रहा।

शुक्रवार तक गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है हवा
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक मंगलवार को हवाएं दक्षिण-पूर्व से पूर्व दिशा की ओर से चली। इस दौरान हवा की गति 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे रही। बुधवार को हवाएं उत्तर से दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने का अनुमान है। हवा की गति 6 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेगी। वहीं, सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। ऐसे में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। बृहस्पतिवार को हवाएं उत्तर-पश्चिम की ओर से चलेगी। हवा की चाल 8 से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है। वहीं, शुक्रवार को हवाएं उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने का अनुमान है। हवा की चाल 6 से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेगी।
विज्ञापन


एनसीआर में प्रदूषित शहर का एक्यूआई

  • दिल्ली-------268
  • गुरुग्राम-------243
  • गाजियाबाद----231
  • नोएडा-------213
  • ग्रेटर नोएडा----210
  • फरीदाबाद-----164

(नोट: आंकड़े सीपीसीबी के मुताबिक)

दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अधिकतम एक्यूआई दर्ज

  • मुंडका-------------325
  • नरेला--------------322
  • बवाना-------------318
  • आनंद विहार-------315
  • अलीपुर------------310
  • आया नगर---------308
  • विवेक विहार--- ---303
  • वजीरपुर-----------302

(नोट : यह सभी आंकड़ें सीपीसीबी के मुताबिक)

सुबह-शाम हो रही ठंड, दिन में सता रही गर्मी
राजधानी में सुबह व शाम हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। दूसरी ओर दोपहर में धूप परेशान कर रही है। ऐसे में दिवाली के बाद मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों से आने वाले ठंडी हवाओं से तापमान में बड़ी गिरावट होगी। इससे रातें और सर्द होंगी, जिससे अच्छी ठंड का अहसास होगा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को सुबह हल्का कुहासा छाया रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक के साथ 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक के साथ 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें