सेना में इंजीनियर पद पर तैनात युवक ने फर्जी प्रोफाइल बनाकर एक युवती की अश्लील फोटो मैट्रीमोनियल साइट पर डाल दी। आरोपी ने सगाई से चार दिन पहले युवती से रिश्ता भी तोड़ दिया।
घटना राजधानी दिल्ली की है। अपनी शादी के लिए एक एयरहोस्टेस ने मैट्रीमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाकर लड़का ढूंढना शुरू किया। लड़का मिल भी गया। कुछ माह की मुलाकातों के बाद प्यार का दावा कर युवक ने जल्द ही शादी करने की बात की।
सगाई की तारीख भी तय हो गई, लेकिन सगाई से चार दिन पहले युवक ने फोन बंद कर लिया। वह युवती को चरित्रहीन बताकर उसे बुरा-भला कहने लगा। साथ ही फर्जी प्रोफाइल बनाकर उस पर युवती की अश्लील फोटो डाल दी।
पीड़िता ने वेलकम थाने में शिकायत दी है, जिसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजेश कुमार (29) के रूप में हुई है। राजेश मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में इंजीनियर है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ वेलकम इलाके में रहती है। वह एयरहोस्टेस है। कुछ समय से पीड़िता ने शादी के लिए मैट्रीमोनियल साइट पर प्रोफाइल डाला हुआ था।