आशीष के पिता राधेलाल व चाचा शिव नारायण अपने बेटे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद असम पहुंच चुके हैं। जबकि आशीष की पत्नी संध्या वहीं पर मौजूद हैं।
वे सभी अधिकारियों के संपर्क में है तथा आशीष को खोजने के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। बताया गया कि सर्च अभियान में मदद तो मिल रही है, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। अभी तक न तो विमान का मलबा मिला है और न ही आशीष व उनके अन्य साथियों का कोई सुराग मिला है।
माता-पिता का अकेला बेटा है आशीष
लापता फ्लाइट लेफटीनेंट आशीष तंवर अपने माता-पिता का अकेला बेटा है। शुरू से ही मेधावी व होनहार रहा आशीष तंवर सेंट्रल स्कूल मेरठ से 12वीं पास करने के बाद कानपुर से कंप्यूटर साईंस में बीटेक की डिग्री लेने के बाद ही वायु सेना में शामिल हो गया था। आशीष की मां सरोज का कहना है कि उसका बेटा लोकसभा चुनावों में मोदी के लिए अपना वोट देने छुट्टी लेकर आया था।
लेफ्टिनेंट आशीष तंवर की मां रोती हुई
- फोटो : अमर उजाला
आशीष तंवर के विमान सहित लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही उसके घर पर रिश्तेदारों के अलावा जिले के लोगों का तांता लगा हुआ है। लोग वहां पहुंच रहे हैं तथा उसके परिजनों को सांत्वना देने के साथ ही पूरी जानकारी हासिल करने में भी लगे हैं। महिलाएं भी काफी संख्या में पहुंचकर उसकी मां को सांत्वना दे रही हैं तथा उनके परिवार के दुख में शामिल हो रही हैं।
आशीष के पिता सेवानिवृत्त सूबेदार राधेलाल का कहना है कि उनके पुत्र व विमान में शामिल अन्य अधिकारियों को खोजने का काम जारी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं उनका बेटा सकुशल लौट आए।