एम्स के वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. अंबुज राय ने बताया कि एम्स ने एक वेबीनार प्रोग्राम तैयार किया है जिसमें हर दिन अलग अलग विभाग के विशेषज्ञ देश भर के डॉक्टरों को कोरोना वायरस के इलाज से जुड़ी जानकारियां दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि 27 और 30 मार्च के अलावा 1 और 3 अप्रैल को चार चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। 20-20 मिनट के इस वेबीनार में इंफेक्शन कंट्रोल प्रैक्टिस से लेकर पल्मोनरी, हार्ट, नेफ्रोलॉजी, कोविड मैनेजमेंट इत्यादि बिंदुओं पर जानकारी दी जाएगी।
फोन पर डाॅक्टर से ले सकते हैं परामर्श
ओपीडी और पहले से तय सर्जरी पर रोक लगाने के बाद एम्स ने अपने मरीजों के लिए टेली कंसल्टेशन की सुविधा शुरू की है। एम्स आने वाले फॉलोअप मरीज डॉक्टर से फोन पर परामर्श ले सकते हैं। एम्स प्रशासन की ओर से सभी डॉक्टरों को जानकारी दे दी गई है। ताकि मरीजों को फोन करने पर कोई परेशानी ना हो। फोन कॉल के अलावा व्हाट्सएप और मैसेज के जरिये डॉक्टर से सुझाव ले सकते हैं।
एम्स में कोरोना के मरीजों के लिए
. एम्स ट्रामा सेंटर के आईसीयू में 20 बेड।
. झज्जर स्थित कैंसर अस्पताल में 50 आइसोलेशन, 25 आईसीयू बेड।
. बर्न एंड प्लास्टिक ब्लॉक में 30 आईसीयू बेड।
. 150 आइसोलेशन बेड अलग से आरक्षित किए गए।