- यात्री-केंद्रित सुविधाओं, मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन और समावेशी संचालन मॉडल की सराहना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) की अध्यक्ष जो जियाई ने सोमवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने सरायकाले खां स्टेशन पर नमो भारत सेवा के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान यात्री-केंद्रित सुविधाओं, मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन और समावेशी संचालन मॉडल की सराहना की। कॉरिडोर दौरे के दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। एनसीआरटीसी के अनुसार, सरायकाले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का पहला और सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है। यह एक प्रमुख मल्टी-मोडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया है। यहां मेट्रो, रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, सिटी बस स्टैंड और रिंग रोड से सीधी कनेक्टिविटी मिलती है। मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन (एमएमआई) के तहत आरआरटीएस स्टेशनों को मौजूदा सार्वजनिक परिवहन तंत्र से जोड़ा जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि नमो भारत परियोजना प्रदूषण और यातायात जाम जैसी शहरी चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सरायकाले खां से आनंद विहार तक की नमो भारत ट्रेन में यात्रा
एआईआईबी अध्यक्ष और प्रतिनिधिमंडल ने सरायकाले खां से आनंद विहार तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। अध्यक्ष जियाई ने नमो भारत में अपनाई गई अत्याधुनिक तकनीकों और स्टेशनों व ट्रेनों के समावेशी डिजाइन की सराहना की। उन्हें एनसीआरटीसी के जेंडर-इनक्लूसिव परिचालन मॉडल से भी अवगत कराया गया। उन्होंने महिला ट्रेन ऑपरेटरों और स्टेशन कंट्रोलरों से बातचीत की।