-ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने बताया कैसे काम करते हैं एआई मॉडल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) दिल्ली में सोमवार को ऑस्ट्रेलिया की मोनाश यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। इस दौरान दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
इस मौके पर मोनाश यूनिवर्सिटी के डाटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग के प्रमुख प्रो. जेम्स बेली ने इनसाइड द ब्लैक बॉक्स : अंडरस्टैंडिंग हाउ एआई मॉडल्स रिप्रेजेंट, फेल एंड अडैप्ट विषय पर व्याख्यान दिया। आधुनिक एआई मॉडल किस तरह काम करते हैं, उनकी क्षमताओं की सीमाएं क्या हैं और उनकी आंतरिक संरचना से बुद्धिमत्ता को समझने में कैसे मदद मिलती है।
प्रो. बेली ने अपने शोध के आधार पर एआई मॉडल में सुरक्षा संबंधी कमजोरियों, उनके भीतर छिपे बदलावों और बड़े भाषा मॉडल (एलएलएम) में अटेंशन हेड के व्यवहार से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने भरोसेमंद और सुरक्षित एआई सिस्टम विकसित करने की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी चर्चा की। इस सत्र के माध्यम से दोनों संस्थानों के शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के बीच विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला।