बॉक्स ऑफिस पर कमाई का नया रिकार्ड बनाने की ओर बढ़ रही आमिर खान की फिल्म पीके के विरोध की आग शुक्र वार को यहां भी पहुंच गई। इस फिल्म के विरोध में अजरौंदा चौक पर प्रदर्शन किया गया। उन्हें शांत करने के लिए मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।
‘पीके’ के खिलाफ देश भर में हो रहे विरोध की चिंगारी यहां भी सुलग गई। इसके विरोध में बजरंग दल ने अजरौंदा चौक पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस फिल्म के जरिए एक खास धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। उनका कहना था कि फिल्म निर्माता और कलाकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फिल्म पर रोक लगाई जानी चाहिए।
वहीं हिंदू महासभा के कार्यकर्ता सेक्टर-12 स्थित एसआरएस मॉल के बाहर करीब आधा घंटे तक प्रदर्शन कर फिल्म को बंद करने और रोक लगाने की मांग कर रहे थे। यहां मौके पर प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।