विधिक माप विभाग ने शनिवार को दो गैस एजेंसियों पर छापा मारकर बड़े स्तर पर घटतौली पकड़ी है। गैस कंपनी से आए सिलेंडरों में ही कम गैस मिली है। जांच के दौरान सिलेंडरों में 100 ग्राम से लेकर 700 ग्राम तक गैस कम पाई गई।
विभागीय अधिकारियों ने इंडियन ऑयल कंपनी को नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है। कंपनी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। साथ ही एजेंसियों पर रजिस्टर दुरुस्त न पाए जाने पर उन्हें चेतावनी दी गई है।
गैस सिलेंडरों में घटतौली अब हॉकर या गैस एजेंसियां तक ही सीमित नहीं रही है। कंपनी से आने वाले सिलेंडरों में भी कम गैस पाई जा रही है। ऐसे ही दो मामले शनिवार को पकड़े गए।
विधिक माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक हरीश प्रजापति ने बताया कि विभागीय टीम ने हिंडन गैस सर्विस और नीम गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। डिजिटल हैंगिंग बैलेंस से सिलेंडरों की जांच गई।
टीम ने कंपनी से आए ट्रकों से सिलेंडरों को नीचे उतरवाया और फिर उसे तौला। दोनों गैस एजेंसियों में 100 ग्राम से 700 ग्राम तक गैस कम थी।
उन्होंने बताया कि जब कंपनी से ही गैस कम आएगी तो उपभोक्ताओं तक जाते-जाते सिलेंडर में और घटतौली हो जाएगी, जबकि उपभोक्ताओं से सिलेंडर की पूरी धनराशि ली जा रही है। एजेंसियों पर रजिस्टर भी दुरुस्त नहीं था। अब विभाग की ओर से इंडियन ऑयल कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा।