- देश के छह से अधिक राज्यों के 45 बुनकरों ने प्रस्तुत किए पारंपरिक हथकरघा उत्पाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। भारतीय हथकरघा परंपरा, पारंपरिक बुनाई और बुनकरों के हुनर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडी हाउस स्थित आगा खान हॉल में इंडिया वीव्स–एक्सक्लूसिव हैंडलूम एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। 5 से 12 नवंबर तक चलने वाली इस आठ दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर के 45 बुनकर अपनी हस्तनिर्मित कलाकृतियों और पारंपरिक वस्त्रों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इसका आयोजन एसोसिएशन ऑफ कॉरपोरेशन्स एंड एपेक्स सोसाइटीज ऑफ हैंडलूम्स (आकाश) की ओर से किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में असम, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों की पारंपरिक बुनाई शैलियों को एक मंच पर देखने का अवसर मिल रहा है। यहां पारंपरिक साड़ियों, हथकरघा से तैयार कपड़ों और हस्तनिर्मित वस्त्रों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी का उद्देश्य उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से लोगों को हाथों से तैयार कपड़ों की विशेषताओं और भारतीय कपड़ा विरासत के महत्व से भी परिचित कराया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजन पारंपरिक बुनाई कला के संरक्षण के साथ बुनकरों की आजीविका को मजबूत करने में मददगार साबित होते हैं। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुली है।