बॉर्डर पर पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए युवक कच्चे रास्ते का इस्तेमाल करता था। लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा दिन तक नहीं चली। डाबरी पुलिस ने शनिवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर बिंदापुर निवासी आरोपी सुमित (26) को 47 पेटी अवैध शराब के साथ पकड़ लिया है। आरोपी ने डाबरी इलाके में एक गोदाम में शराब की पेटियां छिपाकर रखी थी।
द्वारका जिले के डीसीपी अंटो अल्फोंस के मुताबिक, डाबरी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गोदाम से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। यह अवैध शराब हरियाणा से तस्करी कर पश्चिमी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने के लिए लाई गई थी। गोदाम से पुलिस ने सुमित नाम के युवक को भी मौके पर पकड़ा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी सुमित ने खुलासा किया कि पढ़ाई में रुचि न होने की वजह से बचपन में ही स्कूल छोड़ चुका था। उसके पिता भी अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री करते थे। इस काम में आसानी से मोटी रकम की कमाई हो जाती थी। पिता के बुजुर्ग होने के बाद सुमित शराब की तस्करी करने लगा।
इसी बीच शाहरुख खान की रईस मूवी उसने देखी। शाहरुख के किरदार से वह इस कदर प्रभावित हुआ कि उसने फिल्म दस से अधिक बार देख डाली। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तब भी आरोपी ने फिल्म का डायलॉग मारकर खुद को हीरो बताने का प्रयास किया।