नई दिल्ली के संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान पिंकी (26) की मौत के बाद नाराज परिजनों ने बुधवार को अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की। परिजनों का आरोप था कि डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
जानकारी के मुताबिक, सुल्तानपुरी निवासी राधेश्याम पाठक की पत्नी पिंकी को सोमवार को मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिंकी ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे बच्चे को जन्म दिया।
इसके बाद उसकी तबियत बिगड़ने लगी। पिंकी के चाचा ससुर मुन्ना लाल ने बताया कि सोमवार को पिंकी की तीन-तीन सर्जरी भी की गई, लेकिन तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मौत पहले ही हो गई थी लेकिन इसकी सूचना बुधवार को दी गई।