बिहार के समस्तीपुर की चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि मां तुम छठ पूजा की तैयारी करो दिल्ली में तुम्हारा बेटा बैठा है, तब से राजधानी में छठ समितियों की व्याकुलता बढ़ गई है। अब उन्हें छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार के आदेश का इंतजार है।
पूर्वांचल वासियों के आस्था का महापर्व छठ राजधानी दिल्ली में भी बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। छठ की तैयारियां महीनों पहले से शुरू हो जाती हैं। खासकर दिल्ली में बड़ी संख्या में सरकारी स्तर पर छठ घाट बनाए जाते हैं। पिछले साल दिल्ली सरकार की मदद से 1000 से अधिक छठ घाट बनवाए गए थे। जहां पर लाखों श्रद्धालु जुट कर छठी मैया को अर्घ्य देते हैं।
ऐसे में राजधानी के अंदर अकेले छठ समितियों के बस का नहीं है कि वह छठ पूजा की तैयारियां करा लें। लेकिन इस साल कोरोना महामारी के कारण दिल्ली सरकार राजधानी में छठ पूजा के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति में है। छठ पर्व को अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक इसके आयोजन को लेकर कोई भी आधिकारिक निर्णय नहीं लिया है।
दिल्ली सरकार से छठ पूजा की तैयारियों के मामले में बार-बार सवाल पूछे जाने पर दिल्ली सरकार की ओर से यह कहा जाता रहा है कि केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार ही वह कदम उठाएगी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दिए गए आश्वासन के बाद, छठ पूजा समितियों को दिल्ली सरकार से भी जल्द गाइडलाइन जारी किए जाने की उम्मीद है। नरेला, बादली, किराड़ी, वजीराबाद, बुराड़ी, विकासपुरी और द्वारका कि तमाम छठ पूजा आयोजन समितियों ने दिल्ली सरकार के निर्णय के प्रति उम्मीद जताई है।