पुलिस को मृतक पंकज के पास से डायरी में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में पंकज ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। परिजनों ने बताया है कि दो माह पहले पंकज की मां की मौत हो गई थी। उसके बाद से वह काफी अवसाद में था। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात में इस्तेमाल बंदूक को अपने कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पंकज का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने उसका मोबाइल भी कब्जे में लिया है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि पंकज ने इसी साल 12वीं कक्षा पास की थी। इसके परिवार में पिता के अलावा एक भाई व दो बहनें हैं। पंकज भाई बहनों में सबसे छोटा था। इसके पिता छोले कुलचों की रेहड़ी लगाते हैं। पंकज के पिता ने पुलिस को बताया कि बंदूक का लाइसेंस पंकज के दादा के नाम पर था।
पंकज के दादा सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उनकी मौत के बाद लाइसेंस पंकज के पिता के नाम पर ट्रांसफर हो गया था। लाइसेंस की 2030 तक अवधि है। वर्ष 2014 तक पिता ने भी सुरक्षा गार्ड की नौकरी की थी। अब वह छोले-कुलचों की रेहड़ी लगा रहे थे। मंगलवार शाम को पंकज ने अपने घर के बाथरूम में जाकर खुद को गोली मार दी।
पिता ने गोली चलने की आवाज सुनी तो वह भागे-भागे बाथरूम की ओर पहुंचे। वहां पंकज खून से लथपथ पड़ा था। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।