मायापुरी में सीलिंग के बाद सोमवार को पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में अतिक्रमण की कार्रवाई ने व्यापारियों में हड़कंप मचा दिया। पिछले सात माह के दौरान चौथी बार लक्ष्मी नगर के मंगल बाजार में जेसीबी ने दुकानों के अतिक्रमण को साफ किया। इस दौरान भारी तादाद में पुलिस के जवान भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बार बार दुकानदार अतिक्रमण करने के कारण प्रशासन को ये कार्रवाई करनी पड़ रही है।
अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई की सूचना मिलते ही लक्ष्मी नगर के अलावा शकरपुर इलाके में भी व्यापारियों में खौफ देखने को मिला। आनन फानन में कई व्यापारी अपनी दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाते भी नजर आए। मायापुरी में हुई हिंसक घटना के बाद अतिक्रमण की इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन खासा अलर्ट दिखाई दिया। विकास मार्ग पर दो डीटीसी की बस में सुरक्षा जवान भरकर पहुंचे थे। वहीं इलाके की पुलिस पूरी टीम के साथ मौके पर थी। इस दौरान महिला व पुरुष दोनों ही तरह के पुलिस जवान नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के लिए पिछले वर्ष उपराज्यपाल की निगरानी में दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम और डीडीए के अधिकारियों की एक संयुक्त विशेष समिति का गठन किया था। इसके बाद सिंतबर 2018 में पहली बार लक्ष्मी नगर के मंगल बाजार में जेसीबी मशीन अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ व्यापारियों की नोंकझोक होने की घटना भी सामने आई। जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए इलाके से अतिक्रमण साफ कराया।
पूर्वी दिल्ली के सबसे चर्चित बाजारों में से एक मंगल बाजार अतिक्रमण की कार्रवाई के बाद काफी उजड़ चुका था। व्यापारियों को इस झटके से उभरने में अभी शुरुआत ही हुई थी कि प्रशासन ने फिर से आकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके पीछे वजह ये थी कि व्यापारियों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया था। किसी ने नाली तो किसी ने सीढिय़ां बनाकर फिर से उतनी ही जगह को घेर लिया। करीब 60 फुट रोड वाले इस बाजार में अतिक्रमण के चलते करीब 20 से 30 फुट सड़क ही दिखाई देती है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि बार बार चेतावनी देने के बाद भी जो व्यापारी सबक नहीं ले रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अधिकारियों ने ये अभियान आगे भी जारी रहेगा या नहीं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन इलाके में चर्चा है कि अगले कुछ दिन पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।