द्वारका सेक्टर-23 इलाके में शनिवार रात एक ओला कैब लूटकर भाग रहे बदमाशों की कार एक ट्रक में पीछे से घुस गयी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गये और उसमें बैठे एक बदमाश की मौत हो गयी जबकि दूसरा बदमाश जख्मी हो गया। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले जख्मी बदमाश वहां से फरार हो गया। मृत बदमाश की पहचान हरियाणा के मिर्चपुर निवासी आशीष ढांडा के रूप में हुई है। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है। पुलिस को बदमाश की एक बाइक भी मिली है। आशंका है कि बाइक चोरी की है।
पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि मूलत: आगरा का रहने वाला चंद्रपाल सपरिवार दुर्गा विहार में रहता है। वह पेशे से ओला कैब चालक है। शनिवार रात चंद्रपाल एक सवारी को गुरुग्राम छोड़कर वापस घर आ रहा था।
द्वारका सेक्टर 19 की लालबत्ती के पास दो लोगों ने इशारा देकर उसकी स्विफ्ट डिजायर कार रूकवायी। कार रोकने पर एक युवक ने उसे गुरुग्राम छोडने के लिए कहा। लेकिन चंद्रपाल ने बताया कि उसकी ड्यूटी खत्म हो गयी है और वह घर जा रहा है। इतने में उसका दूसरा सहयोगी भी बाइक लेकर चंद्रपाल के पास पहुंचा और गुरुग्राम छोडने के लिए कहा। चंद्रपाल के मना करने पर एक युवक ने चाकू निकाल लिया और चंद्रपाल को जान से मारने की धमकी देकर ड्राइविंग सीट से खींचकर नीचे उतार दिया।
बदमाश बाइक पर बैठ कर फरार हुए
demo pic
उसके बाद दोनों बदमाश अपनी बाइक को मौके पर छोड़कर कार में बैठकर फरार हो गये। चंद्रपाल ने तुरंत पुलिस को लूटपाट की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच ही रही थी कि पुलिस को एक और सूचना मिली, जिसमें बताया कि धुलसिरस के पास एक कैब ट्रक के पीछे घुस गयी है। हादसे में कार में सवार दो लोग जख्मी हो गये हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कार के अगले हिस्से का परखच्चा उड़ गया है। ड्राइवर के बगल वाली सीट पर एक व्यक्ति फंसा था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उस व्यक्ति को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाले की शिनाख्त हरियाणा के मिर्चपुर निवासी आशीष ढांडा के रूप में हुई।
पुलिस को जांच में पता चला कि उसी कैब का एक्सीडेंट हुआ है जिसे बदमाश कुछ देर पहले लूटे थे। पुलिस ने चंद्रपाल की शिकायत पर लूटपाट और दूसरा मामला सड़क हादसे का दर्ज कर लिया।
हादसे के समय कार की रफ्तार सौ से अधिक थी
demo pic
जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय कार की रफ्तार सौ से ज्यादा थी। आशंका है कि तेज रफ्तार होने की वजह से चालक आगे चल रहे ट्रक को देख नहीं पाया और उससे टकरा गया। हालांकि चालक ने अंतिम समय में कार को बचाने की कोशिश की, जिसकी वजह से कार के बाये हिस्से को ज्यादा नुकसान हुआ है।
चोरी की हो सकती है बदमाशों की कार
अधिकारियों के मुताबिक लूटपाट वाली जगह से बदमाशों की एक स्पेलेंडर बाइक मिली है। जिसका रजिस्ट्रेशन मजनू का टीला इलाके में रहने वाले युवक के नाम पर है। पुलिस ने मजनू का टीला पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जिसमें पता चला है कि जिस युवक के नाम से रजिस्ट्रेशन है वह युवक चार साल पहले यहां किराए पर रहता था और वह जा चुका है। ऐसे में पुलिस क्यास लगा रही है कि बाइक चोरी की हो सकती है।
आस पास के नर्सिंग होम में पुलिस चला रही है सर्च अभियान
demo pic
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से यह हादसा हुआ है, उससे साफ जाहिर है कि कार चलाने वाला भी गंभीर रूप से जख्मी है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि आरोपी आस पास के किसी नर्सिंग होम में भर्ती होकर अपना इलाज करवा रहा होगा।
इसलिए पुलिस इलाके के नर्सिंग होम में सर्च अभियान चला रही है। लेकिन पुलिस को अभी तक आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पायी है।