लॉकडाउन की वजह से दिल्ली-एनसीआर का मौसम हुआ सुहाना, वायु प्रदूषण में आई भारी कमी कोरोना कहर की रोकधाम के लिए पूरे देश में लागू किए गए लॉकडाउन से बेशक लोगों को घर में कैद होना पड़ा है लेकिन इसका असर वातावरण पर सकारात्मक पड़ा है।
ऊपर से बीते दो दिन से दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश की वजह से वायु प्रदूषण में भारी कमी दर्ज की गई है। दिल्ली-एनसीआर में बादल नीला और पूरी तरह से साफ दिखाई दे रहा है।
वायु प्रदूषण की गुणवत्ता सुधार आया है। पर्यावरण और मौसम विशेषज्ञों के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में पीएम 10 (हवा में सूक्ष्म कण) का सबसे कम स्तर दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में सुबह दस बजे पीएम 10 का स्तर 32.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया जोकि पिछले साल 18 अगस्त को दर्ज किए गए न्यूनतम 15.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बाद से सबसे कम है। शहर में हवा की गुणवत्ता का सूचकांक 40 पर रहा, जो कि 'अच्छा' की श्रेणी में आता है।