land scam ex ceo pc gupta
घोटाले वाली जमीन देखने जाएगी पुलिस
जिस जमीन के घोटाले को लेकर बड़ी कार्रवाई हो रही है। पुलिस उस जमीन को देखने मौके पर जाएगी। इसके लिए पुलिस ने यमुना प्राधिकरण से जमीन का नक्शा मांगा है। साथ ही जमीन खरीदने का फैसला जिस बोर्ड बैठक में लिया गया था, उसके भी कागजात मांगे है। जमीन का भौतिक सत्यापन करने के दौरान पुलिस पीसी गुप्ता को भी साथ ले जाएगी।
फरार आरोपियों की तलाश तेज की
पीसी गुप्ता के अलावा 21 अन्य आरोपियों की तलाश भी पुलिस ने तेज कर दी है। सभी के मोबाइल बंद आ रहे हैं। अपने पते पर भी कोई नहीं है। पुलिस सर्विलांस की टीम की मदद से आरोपियों को तलाश करने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की सात टीमें जगह-जगह दबिश भी दे रही है।
रजिस्ट्री में गवाही देने वालों पर कसेगी नकेल
घोटाले में जमीन की रजिस्ट्री में जिन लोगों ने गवाही दी थी, उन पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस ने गवाही देने वालों की रिपोर्ट तैयार कर रही है। यहीं नहीं, घोटाले की रकम जिन खातों में गई थी, उनकी भी जांच की जा रही है। उनके नाम भी जांच रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे। ऐसे करीब 12 लोगों के नाम सामने आए हैं।
लुक्सर नहीं मेरठ जेल में रहेंगे पीसी गुप्ता
पूर्व सीईओ पीसी गुप्ता को मेरठ जेल में रखा जाएगा। हालांकि, दस दिन की रिमांड पर आने से पहले पीसी गुप्ता मेरठ जेल में जा चुके थे। रिमांड समाप्त होने के बाद पुलिस पीसी गुप्ता को मेरठ जेल ही ले जाएगी।
सीओ प्रथम ग्रेटर नोएडा, अमित किशोर श्रीवास्तव ने कहा कि जमीन घोटाले की जांच चल रही है। जांच के दौरान दो तहसीलदार व एक ओएसडी का नाम सामने आया है। जांच में इनके नाम भी शामिल कर लिए गए हैं। फरार सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।