आईबी के अलर्ट के बाद 25 और 26 जनवरी पर केजरीवाल की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। शनिवार और रविवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल कड़ी सुरक्षा में रहेंगे। गिरनार के बाहर सुरक्षा के साथ ही मुख्यमंत्री के बाहर जाने पर उनकी कार के आगे पीछे दिल्ली पुलिस रहेगी।
भले ही अरविंद केजरीवाल सुरक्षा के लिए मना कर रहे हों लेकिन, दिल्ली पुलिस आईबी अलर्ट के बाद कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री की कार के आगे दिल्ली पुलिस की दो बाइक चलेंगी। कार के पीछे दिल्ली पुलिस की दो कार रहेंगी। उधर, यूपी पुलिस पहले ही सकर्तकता बढ़ा चुकी है।
यह भी पढ़ें: AAP के वीडियो पर पुलिसकर्मी निलंबित
यूपी पुलिस का तंबू अरविंद केजरीवाल के घर के बार ही लगा है, जिसमें पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात हैं। सीओ रणविजय सिंह ने बताया कि प्रोटोकॉल के तहत और आईबी अलर्ट के चलते यूपी पुलिस अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में तैनात है।
गिरनार के बाहर ही धरना देकर बैठा परिवार
कौशांबी में गिरनार अपार्टमेंट के बाहर बदरपुर दिल्ली निवासी एक परिवार धरना देकर बैठ गया है। परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर अरविंद नहीं मिलते हैं तो सभी आत्मदाह कर लेंगे। बहरहाल, अरविंद केजरीवाल अभी तक परिवार से नहीं मिले हैं।
परिवार के मुखिया हैं परिमल मंडल, इनकी सरोजनी नगर मार्केट में कपड़ों की दुकान थी। दिल्ली म्यूनिसिपल कारपोरेशन ने इनकी दुकान हटा दी थी और पर्ची भरवाकर दोबारा दुकान अलॉट करने का वादा किया था लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। उनका कहना है कि रोजी के लिए रोजगार चाहिए, उन्हें अपनी दुकान चाहिए।