हाल ही में शुरू हुई दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट) का दम राजधानी की पहली भारी बरसात में ही फूल गया। आरके पुरम और आईजीआई टर्मिनल-1 स्टेशनों के बीच टनल में लीकेज से पानी ओवरहेड वायर तक पहुंच गया और उसमें खराबी आने से मेट्रो सेवा ढाई घंटे तक प्रभावित हुई। इस परेशानी से निपटने की कोशिश के तहत सिंगल लाइन पर मेट्रो चलाई गई। मेट्रो सेवा प्रभावित होने से स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को मानसून की पहली जोरदार बारिश के दौरान शाम करीब 4:10 बजे मजेंटा लाइन पर आरके पुरम से आईजीआई टर्मिनल-1 स्टेशन के बीच अचानक मेट्रो सेवा ठप हो गई। इस सेक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। मेट्रो सेवा प्रभावित होने से बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर प्रभाव पड़ा।