दिल्ली और एनसीआर में हो रही बारिश से वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। मौसम भी सुहावना हो गया है। शनिवार को भी दिल्ली में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी के फेफड़े कहे जाने वाले रिज क्षेत्र में 13.4 मिलीमीटर (एमएम) और पालम में 7.4 एमएम और आयानगर में 2.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। रविवार को भी गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक हवा में पर्टिकुलेट मैटर 10 अपने सामान्य मानक 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से कम 70 प्रति घन मीटर व पीएम 2.5 का स्तर अपने सामान्य मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से बेहद कम 36 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है। खतरनाक पीएम इन दिनों बारिश के कारण बेहद संतोषजनक स्थिति में हैं।
दिल्ली व अन्य कई इलाकों में तापमान अपने सामान्य औसत से कम बना हुआ है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को भी अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 76, फरीदाबाद का एक्यूआई 86, गाजियाबाद का एक्यूआई स्तर 59 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई स्तर 59 रिकॉर्ड किया गया। सभी जगह हवा की गुणवत्ता स्थिति संतोषजनक रही।