होडल। क्षेत्र के अंछुआ पट्टी निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर दोबारा प्लॉट पर कब्जा करने, तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित कैलाश पुत्र दलीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि माननीय अदालत के आदेश पर 11 फरवरी 2026 को उसे प्लॉट का कब्जा दिलाया गया था। उस दौरान थाना होडल पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे तथा प्लॉट की चारदीवारी और मुख्य गेट भी लगवाया गया था।
आरोप है कि 30 मार्च 2026 की रात आरोपितों ने प्लॉट की चारदीवारी तोड़ दी और वहां रखा सामान उठा ले गए। इसके बाद 24 अप्रैल को मुख्य गेट का ताला तोड़कर प्लॉट में भूसा और घरेलू सामान रख दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।