हवा की दिशा बदलने से हवा मध्यम श्रेणी में बरकरार है। ऐसे में हवा 12 से 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पूर्व दिशा से चली। साथ ही रविवार को हवा विभिन्न दिशा से 4 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने का अनुमान है। एनसीआर में शनिवार को फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां एक्यूआई 109 रहा, जोकि मध्यम श्रेणी में है। साथ ही गाजियाबाद में 177, ग्रेटर नोएडा में 150, नोएडा में 136 और गुरुग्राम में 120 एक्यूआई रहा।
पराली के धुएं की हिस्सेदारी 0.585 फीसदी रही
शनिवार को तीसरे दिन भी हवा में पराली के धुएं की हिस्सेदारी रही। भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक वायु प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी 0.585 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, रविवार को हवा में पराली के धुएं की हिस्सेदारी 0.18 फीसदी और सोमवार को 0.273 फीसदी हो सकती है। डिसिजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के आंकड़ों के अनुसार वायु प्रदूषण में खुले में कूड़ा जलने से होने वाला धुआं 2.044 फीसदी रहा। वहीं, आईआईटीएम के मुताबिक शनिवार को मिक्सिंग हाइट का स्तर 2450 मीटर रहा। वहीं, अगले 24 घंटे में यह 2400 मीटर तक पहुंचने की आशंका है।
सामान्य से दो डिग्री नीचे लुढ़का न्यूनतम तापमान
दिल्ली में सुबह व शाम को हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में कमी आने लगी है। शनिवार को कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं, समग्र रूप से दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम के साथ 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस माह में अधिकतम और न्यूनतम तापमान यह अब तक सबसे कम हैं। हालांकि, दोपहर में धूप परेशान कर रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जल्द ही दिन के तापमान में भी कमी आने वाली है। इससे दोपहर में धूप परेशान नहीं करेगी। शनिवार को सुबह से ही धूप खिली रही। दोपहर में हल्के बादल आसमान में छाए रहे। इससे लोग गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शाम के समय तेज हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
किस स्तर पर कितना होता है एक्यूआई
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब व 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।