बेटी की शादी के लिए बैंक से 16 लाख रुपये लेकर बाइक से जा रहे चाचा और भतीजे पर बाइक सवार लुटेरों ने रोजरेड के बहाने हमला कर दिया। रकम लूटने के लिए गोली मारकर किसान को घायल कर दिया। लेकिन हिम्मत दिखाते हुए किसान ने न सिर्फ अपनी जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई लुटने से बचा ली बल्कि एक लुटेरे को भी लोगों की मदद से दबोच लिया।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी गांव निवासी जगत सिंह उर्फ हेम सिंह की बेटी की शादी इसी अप्रैल में होनी है। शादी का सामान और गाड़ी आदि खरीदने के लिए जगत अपने भतीजे भरत सिंह के साथ दादरी के बैंक ऑफ बड़ौदा से 16 लाख रुपये निकालकर बाइक से गांव लौट रहे थे। रुपयों को दोनों ने बाइक की सीट पर बीच में रख लिया। आमका फाटक पार करने के बाद एक बाइक पीछे से आई और वह उनकी बाइक में टच हो गई।
बाइक सवार दोनों लुटेरों ने चाचा और भतीजे की बाइक को रोक लिया। उन्होंने रुपये से भर बैग को लूटने का प्रयास किया। भरत सिंह ने चाचा के साथ मिलकर लूट का विरोध किया। खुद को कमजोर पड़ता देख एक लुटेरे ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली भरत सिंह के पेट में लगी और वह घायल हो गया। गोली लगने के बाद भी चाचा-भतीजे ने बहादुरी दिखाई और नगदी बचा ली। घायल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीछा कर बदमाशों को दबोचा
दादरी की ओर से खेड़ी गांव के ही कुछ लोग बाइक और कार से गांव के लिए जा रहे थे और फायर सुन मौके पर ही पहुंच गए। उस समय भी बदमाशों और चाचा-भतीजे के बीच रुपयों को लेकर खींचतान हो रही थी। उसी समय ग्रामीणों ने शोर मचाया तो बदमाश डर गए। एक बदमाश तो पैदल ही भाग निकला जबकि दूसरा बदमाश बाइक लेकर भागा। ग्रामीणों ने पीछा कर बाइक से भागे एक बदमाश को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया।
बहादुरी दिखाने पर इनाम की घोषणा
लूट के प्रयास की घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह खुद मौके पर पहुंचे। वहीं मामले में पीड़ित जगत सिंह की ओर से बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है। बहादुरी दिखाने पर एसएसपी ने जगत सिंह उर्फ हेम सिंह को 2500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
पेशी पर आए बदमाशों ने की वारदात
पुलिस ने बताया कि आरोपी कोर्ट में तारीख पर आए थे और उससे पहले ही घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान हापुड़ जिले के भोजपुर थानाक्षेत्र के तोड़ी गांव निवासी नौशाद बताया। फरार आरोपी की पहचान अफसार के रूप में बताई जो उसी के गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।