बंगलूरू ब्लास्ट के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच को चौकसी बरतने की हिदायत दी गई है। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने कहा है कि दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है।
आतंकी घटनाओं को लेकर किए गए बंदोबस्त को और चुस्त दुरुस्त कर दिया गया है। पुलिस आयुक्त ने राजधानी के लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा है और संदिग्ध गतिविधि देखने पर पुलिस से शिकायत करने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर से स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच शाखाओं को निर्देश दिए गए हैं वह अपने मुखबिरों को सक्रिय करें। मुखबिरों के जरिये उन लोगों की जानकारी इकट्ठा करें जो राजधानी में गड़बड़ी फैलाने के फिराक में हैं।
साथ ही सभी थाना पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वह अपने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों पर विशेष निगरानी रखें और संदिग्ध दिखने वाले लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ करें।