थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता को निकाह के 12 साल बाद तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने दुख को एसएसपी के सामने बयां करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश के बाद जहांगीराबाद पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली डिबाई क्षेत्र के गांव सूरजपुर मखैना निवासी अल्लाबख्श की पुत्री वैशीला परवीन ने बुधवार को एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। उसने बताया कि उसका निकाह करीब 12 साल पहले जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवाली निवासी सलीम पुत्र कमालुददीन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था।
पीड़िता के मुताबिक सलीम उसके साथ आए दिन मारपीट करता रहता है। पिछले काफी समय से वह अपने मायके में ही रह रही थी। पीड़िता ने बताया कि विगत छह मई को वह अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने को लेकर बुलंदशहर में सलीम से मिली थी। जिस पर वह तिलमिला गया और उसे वहां से भगा दिया।
साथ ही कुछ दिनों बाद एक कागज पर तुझे तलाक देता हूं, तुझे तलाक देता हूं लिखकर डाक से उसके मायके भेज दिया। कागज के तीनों टुकड़ों पर दो गवाहों के भी हस्ताक्षर हैं। इस पूरे प्रकरण पर एसएसपी ने जहांगीराबाद पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। जहांगीराबाद पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
एसएसपी के आदेश पर पति सलीम व गवाह नूरूददीन और निसार के खिलाफ 314 मुस्लिम महिला एक्ट, 498 ए व 120 के तहत मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
- विवेक शर्मा, कोतवाल जहांगीराबाद